निकाह के 5 घंटे बाद हुआ तलाक, मेहर और व्यवहार को लेकर बढ़ा विवाद, बिना दुल्हन लौटी बरात

फतेहपुर (बाराबंकी) संदेश महल समाचार

बदलते सामाजिक परिवेश में रिश्तों की मजबूती को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं। इसी बीच बाराबंकी जिले के फतेहपुर कस्बे में एक ऐसा मामला सामने आया, जहां निकाह के महज पांच घंटे बाद ही तलाक हो गया और बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर कस्बे के मोहल्ला नालापार दक्षिणी निवासी एक युवती का निकाह सद्दीपुर पट्टी निवासी जावेद के साथ तय हुआ था। शुक्रवार को दोपहर बरात फतेहपुर पहुंची। स्वागत-सत्कार और दावत के बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में निकाह की रस्म पूरी कराई गई।
निकाह के बाद मेहर की अदायगी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। युवती पक्ष का आरोप है कि दूल्हे पक्ष की ओर से खराब व्यवहार किया गया तथा बाइक की मांग को लेकर भी कहासुनी हुई। आरोप है कि कुछ बराती नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विवाद बढ़ने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया। नगर पंचायत चेयरमैन इरशाद अहमद कमर तथा ग्राम प्रधान शमशेर ने दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी।
बताया जाता है कि युवती ने ससुराल जाने से स्पष्ट इन्कार कर दिया। उसकी इच्छा का सम्मान करते हुए आगे की रस्में रोक दी गईं। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से निकाह के लगभग पांच घंटे बाद तलाक की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
लिखापढ़ी पूरी होने के बाद रात करीब 10 बजे बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।