रेवदर की बैठक अनादरा में सम्पन्न, समाज हित और स्वच्छता पर हुआ मंथन

रेवदर/अनादरा  राजस्थान संदेश महल

आबूगोड़ सेन समाज परगना रेवदर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आज अनादरा स्थित सेन जी महाराज मंदिर प्रांगण में आयोजित हुई। बैठक का आयोजन समाज संरक्षक संजय ओघड के सान्निध्य एवं कमेटी अध्यक्ष पोपटलाल हंसाजी सैन (भटाना) की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में समाज हित, स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर कई प्रस्ताव पारित किए गए।


बैठक की शुरुआत आबूगोड़ परगना रेवदर कमेटी के नए कार्यालय के शुभारंभ से हुई, जिसका विधिवत मुहूर्त संत संजय ओघड के हाथों संपन्न हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा के लिए ठंडे पानी की तीन केम्पर प्याऊ का शुभारंभ भी किया गया।
बैठक के दौरान समाज के सदस्यों ने नशामुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही मंदिर परिसर के आसपास फैली गंदगी और बिना शटर वाली दुकानों में जमा कचरे की समस्या को लेकर चिंता व्यक्त की गई। इस संबंध में समाज प्रतिनिधियों ने रेवदर उपखंड अधिकारी राजन कुमार लोहिया एवं पंचायत समिति रेवदर के विकास अधिकारी सावलाराम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर सफाई व्यवस्था सुधारने और मंदिर परिसर के आसपास अव्यवस्थित खड़े वाहनों को हटाने की मांग की।
उपखंड अधिकारी राजन कुमार लोहिया ने व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया, जबकि बीडीओ सावलाराम चौधरी ने अनादरा ग्राम पंचायत के वीडीओ को तत्काल सफाई करवाने के निर्देश दिए। वहीं मंदिर परिसर के बाहर खड़े वाहनों को व्यवस्थित करवाने के लिए अनादरा थाना प्रभारी कमलेश कुमार गेहलोत को भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
बैठक में संजय ओघड, पोपटलाल, रणछोड़जी, भावेश कुमार, पारस कुमार, सुरेश चंद, सुरेश कुमार, अनाजी, सुजाराम, मोहनलाल, कैलाश कुमार, प्रभुराम, विक्रम कुमार, गणेश कुमार, मिठाराम, हीराराम, नरेश सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के लोग उपस्थित रहे।
यह जानकारी आबूगोड़ सेन समाज परगना अनादरा कमेटी रेवदर के मीडिया प्रभारी हीराराम सैन ने दी।