भारत गैस सेंटर पर उपभोक्ताओं ने लगाए दुर्व्यवहार और भेदभाव के आरोप

रेवदर/सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार 

रेवदर स्थित शांति भारत गैस सेंटर पर गैस उपभोक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और भेदभावपूर्ण रवैये को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गरीब और सामान्य लोगों को सुबह से लंबी लाइन में खड़ा रखा जाता है, जबकि कुछ प्रभावशाली लोगों को तुरंत गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गैस सेंटर पर कई उपभोक्ता सुबह से अपनी बारी का इंतजार करते हैं, लेकिन नंबर आने पर कर्मचारियों द्वारा कभी लंच का समय बताकर तो कभी “3 बजे के बाद आना” कहकर वापस भेज दिया जाता है। वहीं शाम के समय कुछ चुनिंदा लोगों को तत्काल बुकिंग और डिलीवरी दिए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
एक उपभोक्ता ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि वह अपनी भाभी के नाम से गैस सिलेंडर लेने पहुंचा था, लेकिन सेंटर पर उसे बताया गया कि सिलेंडर पहले ही डिलीवर दिखाया जा चुका है। आरोप है कि कर्मचारियों ने बाद में निजी पहचान और संबंधों के आधार पर अगले दिन सिलेंडर देने की बात कही।
ग्रामीणों और उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि किसी गरीब व्यक्ति के पास किसी प्रभावशाली व्यक्ति की पहचान नहीं है, तो उसे समय पर गैस सिलेंडर मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित गैस कंपनी अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।