संदेश महल में खबर प्रकाशित होने के बाद गैस सेंटर प्रबंधन हरकत में आया, उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान

रेवदर/सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार 

शांति भारत गैस सेंटर रेवदर में उपभोक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और भेदभाव को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। “संदेश महल” में खबर प्रकाशित होने के बाद गैस सेंटर प्रबंधन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बुजुर्ग और जरूरतमंद उपभोक्ताओं की समस्याओं का हाथों-हाथ समाधान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार गैस सेंटर संचालक शशिकांत जी ने स्टाफ से बातचीत कर उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार करने के निर्देश दिए। इसके बाद सेंटर पर पहुंचे बुजुर्ग उपभोक्ताओं की KYC प्रक्रिया तुरंत पूरी करवाई गई तथा अन्य लंबित समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया गया।


सेंटर संचालक शशिकांत जी ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस सेंटर के बाहर शीघ्र ही शेड लगवाकर छाया की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही ठंडे पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि लोगों को लाइन में खड़े रहने के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
गैस सेंटर के कर्मचारियों ने भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार का भरोसा दिलाते हुए कहा कि भविष्य में बुजुर्गों और महिलाओं को अनावश्यक रूप से लाइन में इंतजार नहीं करवाया जाएगा। स्टाफ सदस्य रमेश कुमार, सोनाराम, लालाराम, मासूम कुमार और मीना कुमारी ने उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आश्वासन दिया।
वहीं जिस महिला उपभोक्ता का उल्लेख पूर्व प्रकाशित खबर में किया गया था, उन्हें तत्काल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया। सेंटर प्रबंधन ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने देने की बात कही है।
गैस सेंटर पर मौजूद उपभोक्ताओं ने व्यवस्थाओं में सुधार के लिए “संदेश महल” और गैस सेंटर संचालक शशिकांत जी का आभार व्यक्त किया।