बाराबंकी संदेश महल समाचार
शहर के अंदर से डबल डेकर बसों के संचालन की योजना वन विभाग की उदासीनता के चलते अटक गई है। परिवहन विभाग की ओर से प्रस्तावित रूट का सर्वे कराया गया था। सर्वे के दौरान सड़क किनारे लगे कई पेड़ों की डालियां काफी नीचे तक झुकी मिलीं, जो डबल डेकर बसों के संचालन में बाधा बन सकती हैं।
झुकी हुई डालियों की कटाई के लिए परिवहन विभाग ने वन विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके चलते अंतरजनपदीय बस स्टेशन की कार्यशाला में खड़ी चार डबल डेकर बसों का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है।
जिले को मिलीं आठ डबल डेकर बसें
बाराबंकी जिले को कुल आठ डबल डेकर बसें मिली हैं। इनमें से चार बसों का संचालन किया जा रहा है, जबकि चार बसें अंतरजनपदीय बस स्टेशन की कार्यशाला में लंबे समय से खड़ी हैं।
इन चार बसों को शहर के अंदर से गुजरने वाले लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर चलाने की योजना है। प्रस्तावित रूट का परिवहन विभाग की ओर से सर्वे भी कराया गया। इस दौरान कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां सड़क की ओर काफी नीचे तक झुकी मिलीं।
वन विभाग को भेजा गया पत्र, कार्रवाई का इंतजार
डबल डेकर बसों की ऊंचाई को देखते हुए परिवहन विभाग ने रास्ते में बाधा बन रही पेड़ों की डालियों की कटाई के लिए वन विभाग को पत्र भेजा था। हालांकि, विभागीय अधिकारियों के अनुसार पत्र भेजे जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।इस कारण डबल डेकर बसों का प्रस्तावित संचालन लगातार टल रहा है।
डालियों की कटाई के बाद शुरू होगा संचालन
एआरएम संजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पेड़ों की झुकी हुई डालियों की कटाई के संबंध में वन विभाग को पत्र भेजा गया है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि रास्ते में बाधा बन रही डालियों की कटाई होने के बाद ही प्रस्तावित रूट पर डबल डेकर बसों का संचालन शुरू कराया जा सकेगा।