भटाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक का पद खाली, ग्रामीणों में रोष

करीब छह माह से मुख्य चिकित्सक की कमी, 20-25 गांवों के मरीजों को हो रही परेशानी; ग्रामीणों ने दी जन आंदोलन की चेतावनी

भटाना सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार

भटाना ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मुख्य चिकित्सक का पद करीब छह माह से रिक्त होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के करीब 20 से 25 गांवों के लोग उपचार के लिए इसी स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। खासकर प्रसव के समय महिलाओं के लिए यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहारा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य चिकित्सक ईश्वर सिंह का पीजी में चयन होने के बाद पद रिक्त हो गया। वर्तमान में मंडार के मुख्य चिकित्सक बाबूलाल जी चौधरी को भटाना स्वास्थ्य केंद्र का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। ग्रामीणों के अनुसार बाबूलाल जी चौधरी के पास मंडार अस्पताल के मुख्य चिकित्सक का दायित्व भी है। ऐसे में दोनों स्थानों की जिम्मेदारी होने से भटाना में नियमित चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण गोविंद पुरोहित ने कहा कि करीब छह माह से मुख्य चिकित्सक की कमी खल रही है। समय रहते पद नहीं भरा गया तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का पद जल्द भरा जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
भटाना के प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा ने कहा कि क्षेत्र के करीब 20-25 गांव आर्थिक रूप से कमजोर हैं और शिक्षा के अभाव के कारण बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए भटाना स्वास्थ्य केंद्र पर ही आश्रित हैं। ऐसे में मुख्य चिकित्सक का पद खाली होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से जल्द चिकित्सक की नियुक्ति करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीण जन आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
भाजपा एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष भटाना रेवाराम हीरागर ने कहा कि चिकित्सक की कमी के कारण लोगों में रोष है। जिला प्रशासन से मांग है कि स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पद को जल्द भरा जाए, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान न होना पड़े।