मंडार थाने के हेड कांस्टेबल को हटाने की मांग, सैकड़ों व्यापारी थाने के सामने धरने पर बैठे

सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार

जिले के मंडार थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल की कथित पुलिस कार्यशैली के विरोध में शनिवार को सैकड़ों व्यापारी थाने के सामने धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने हेड कांस्टेबल को मंडार थाने से हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
व्यापारियों का आरोप है कि एक चोरी के मामले में चोरी का माल खरीदने और व्यापारी की दुकान से माल बरामद किए जाने के बाद व्यापारी मंडल के सदस्यों तथा व्यापारी चुन्नीलाल प्रजापत के साथ हेड कांस्टेबल ने कथित रूप से बदसलूकी की। आरोप है कि हेड कांस्टेबल द्वारा बच्चे को धमकाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे मामला और तूल पकड़ गया।
घटना से नाराज व्यापारी शनिवार को बड़ी संख्या में मंडार थाने पहुंचे और थाने के सामने धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी मुख्य मांग हेड कांस्टेबल को मंडार थाने से तत्काल रिलीव करना है।
मामले की जानकारी मिलने पर रेवदर वृत्त अधिकारी अशोक कुमार आंजणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे व्यापारियों से बातचीत कर समझाइश का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत जारी थी।
व्यापारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।