पिसावां से लापता 17 वर्षीय किशोरी मां के साथ थाने पहुंची

जेपी रावत/पिसावां सीतापुर संदेश महल समाचार 

थाना क्षेत्र से कुछ दिन पहले लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार देर शाम अपनी मां के साथ पिसावां थाने पहुंच गई। किशोरी के थाने पहुंचने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने किशोरी से आवश्यक पूछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी कुछ दिन पहले घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद किशोरी की मां ने शुक्रवार को थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी थी।
इसी बीच शुक्रवार देर शाम किशोरी अपनी मां के साथ स्वयं थाने पहुंच गई। पुलिस ने उससे आवश्यक पूछताछ की। थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि लापता किशोरी को बरामद कर लिया गया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। मेडिकल परीक्षण, न्यायालय में बयान और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। किशोरी के बयानों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।