सीतापुर संदेश महल
सीतापुर जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत परसेहरा शरीफपुर गांव में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक सगे भाई ने ही अपने छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रमोद और उसका छोटा भाई मनोज (45) दोनों शराब के नशे में थे। किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित प्रमोद ने धारदार हथियार बांके से मनोज के गले पर कई वार कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी।घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाइयों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। बताया गया कि मृतक मनोज अपने छोटे भाई के पास रह रहा था, जिसे लेकर बड़े भाई प्रमोद से उसका तनाव बना रहता था। सोमवार शाम शराब के नशे में हुआ विवाद जानलेवा साबित हो गया।घटना के बाद से आरोपी प्रमोद फरार है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। गांव में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है।