चीता धीरा सात घंटे की यात्रा कर पहुंची मंदसौर, पहले ही दिन लगाई नए घर में छलांग

मंदसौर संदेश महल
परियोजना चीता को लेकर बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। कूनो राष्ट्रीय उद्यान की सात वर्ष छह माह की मादा चीता धीरा को वन विभाग की टीम ने गांधी सागर अभयारण्य में सफलतापूर्वक छोड़ा।

विशेष वातानुकूलित वाहन में सुबह कूनो से रवाना हुई धीरा लगभग सात घंटे की यात्रा के बाद दोपहर दो बजे गांधी सागर पहुंची। क्रेट का दरवाजा खुलते ही उसने कुछ पल ठहरकर नया परिवेश देखा और फिर फुर्ती से छलांग लगाकर अभयारण्य की भूमि पर पहला कदम रखा।

पूरे अभियान के दौरान वन विभाग की पशु चिकित्सा टीम और वरिष्ठ अधिकारी साथ रहे। इससे पहले यहां दो नर चीतों का पुनर्वास किया जा चुका है। मादा चीता के आने से अब एक सक्षम प्रजनन आबादी बनने की संभावना मजबूत हुई है। अधिकारियों ने इसे परियोजना चीता की दीर्घकालिक सफलता की दिशा में बेहद अहम कदम बताया।