आगरा संदेश महल समाचार
बटेश्वर घाट पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती ने पांटून पुल से एक-दूसरे का हाथ पकड़ यमुना नदी में छलांग लगा दी। दोनों बाइक से पुल पर पहुंचे थे। स्थानीय गोताखोरों ने युवक को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। युवती का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस और गोताखोर उसे तलाशने में जुटे हुए हैं।
दौलतपुर मुइउद्दीनपुर, नारखी (फिरोजाबाद) निवासी किशनलाल का बेटा गुलशन यादव उर्फ गोलू (23) बचपन से ही ननिहाल गुढ़ा, गढ़सान, लालऊ गांव में रहता था। बताया गया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह बाइक से बटेश्वर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के साथ हरे रंग के कपड़ों में एक युवती भी थी। दोनों ने पुल पर पहुंचकर बाइक खड़ी की और अचानक हाथ थामकर नदी में छलांग लगा दी।
घाट पर मौजूद गोताखोर अनिल ने छलांग लगाते हुए दोनों को देखा और भागकर नदी में कूद गया। उसने युवक को किसी तरह पकड़कर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की जेब से आधार कार्ड और मोबाइल मिला, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई। मोबाइल के सिम से मामा श्याम यादव से संपर्क किया गया तो उन्हें घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही मामा श्याम, पिता किशनलाल और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन रो-रोकर बेहाल थे। श्याम यादव के अनुसार घटना से कुछ देर पहले ही गुलशन ने फोन कर कहा था,
मामा… दुनिया छोड़ रहा हूं, बाइक बटेश्वर पुल पर खड़ी है, उठा लेना…श्याम के रोकने पर उसने कॉल काट दिया। फिर मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
परिजनों ने बताया कि 10 साल पहले मां की मौत के बाद गुलशन उनके पास ही रहता था। आईटीआई करने के बाद वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। 15 दिन पहले ही नई बाइक ली थी। परिजन यह समझ नहीं पा रहे कि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
घाट पर पहुंचे पिता किशनलाल के आंसू भी सूख चुके थे। वे किसी सवाल का जवाब दिए बिना चुपचाप खड़े रहे। बुआ पिंकी यादव ने बताया कि दोपहर में वह उन्हें चाची को छोड़ने आया था। रोकने पर भी नहीं रुका। बोला “जरूरी काम है, रुक नहीं पाऊंगा।
कौन थी वह युवती?
पुल से युवक के साथ कूदने वाली युवती के शिकोहाबाद के एक गांव की रहने की बात सामने आई है, लेकिन परिजन इस बारे में कुछ नहीं बता पा रहे। पुलिस उसका मोबाइल, लोकेशन और स्थानीय सूत्रों के आधार पर सुराग ढूंढ रही है।
प्रभारी निरीक्षक बाह सत्यदेव शर्मा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती की तलाश के लिए यमुना में खोज अभियान चल रहा है।