मंडियों में सेहत से खिलवाड़, यूपी में नकली आलू की बड़ी खेप बरामद

लखनऊ/गोरखपुर संदेश महल
त्योहारों के मौसम में मिलावटखोरी तेज़ हो जाती है। अब मिठाई और पनीर ही नहीं, बल्कि घर-घर में इस्तेमाल होने वाला आलू भी मिलावट की जद में आ गया है। रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लखनऊ और गोरखपुर में नकली आलू की बड़ी खेप बरामद की।

गोरखपुर में दो ट्रकों से करीब 500 क्विंटल (50 हज़ार किलो) आलू ज़ब्त किया गया। जांच में सामने आया कि यह आलू तमिलनाडु और फर्रुखाबाद से मंगाया गया था। इन्हें लाल और चमकदार दिखाने के लिए खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल किया गया था। वहीं, लखनऊ की दुबग्गा सब्ज़ी मंडी में भी 46 बोरी नकली आलू पकड़े गए।

अधिकारियों का कहना है कि नए आलू के नाम पर बाजारों में जहरीला आलू 50 रुपये किलो के भाव से बेचा जा रहा है, जबकि असली आलू 25 से 30 रुपये किलो तक मिल रहा है। यानी 20 से 30 रुपये प्रति किलो मुनाफे के लिए लोगों की सेहत से सीधा खिलवाड़ हो रहा है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यह नकली आलू हार्ट, किडनी और लीवर के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। सहायक खाद्य आयुक्त सुधीर सिंह के अनुसार शुरुआती जांच में आलू में केमिकल की पुष्टि हुई है। नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।