लुटेरे लड़की को नशीला इंजेक्शन देकर किया बेहोश, जेवर व नकदी लेकर फरार हुए

हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार
जिले के भोगांव थाना क्षेत्र के जमैयतगंज गांव में लुटेरों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक युवती को नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया और घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
घटना सोमवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। गांव निवासी सुशील पाल के अनुसार, उसकी 25 वर्षीय बहन सुमन घर पर अकेली थी, जबकि वह स्वयं अपनी मां मीरा देवी और दादा रामचंद्र पाल के साथ खेत पर चारा लेने गया था। जाते समय उन्होंने घर के मुख्य गेट की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी।
सुशील ने बताया कि जब वह खेत से लौटकर आया और बहन को आवाज़ दी तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर किसी तरह कुंडी खोलकर घर में प्रवेश किया तो अंदर का दृश्य देखकर होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और सुमन बेसुध हालत में ज़मीन पर पड़ी थी। होश में आने पर उसने बताया कि कुछ अज्ञात बदमाश घर में घुसे और उसे नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया।
कुछ ही देर में सुमन की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
सुशील पाल के अनुसार, घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, चार सोने की अंगूठियां, एक हार, दो कंडानी, दो पायल, एक जोड़ी कुंडल, एक घड़ी सहित अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है।
गांव में घटना के बाद भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब दिनदहाड़े इस तरह की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।