मानव-वन्यजीव संघर्ष में घायल 13 लोगों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल समाचार
कैसरगंज क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष में घायल हुए लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शनिवार को ग्राम मंझारा तौकली में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार पूर्व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, सांसद करन भूषण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह, विधानसभा संयोजक गौरव वर्मा और अधिकारियों ने 13 घायलों को 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि जिन घायलों का उपचार पूरा हो चुका है, उन्हें रविवार को चेक दिए गए। वहीं, इलाजरत 3 घायलों को स्वस्थ होने के बाद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

चेक प्राप्त करने वालों में श्रीमती शिवप्यारी, श्रीमती श्यारथी देवी, मदन, श्रीमती संजू देवी, श्रीमती हरदेई, श्रीमती मनीषा, सूरज लाल, राजाराम, श्रीमती सिताबी, अंजली, पृथ्वीनाथ, हरिशचन्द्र और ग्राम नन्दवल की श्रीमती चन्द्रका शामिल रहीं।

पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ितों के साथ है। यह किसी पर उपकार नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है।
सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह ने भी घायलों और परिजनों को आश्वस्त किया कि हर संभव मदद जारी रहेगी।