लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर निर्माण स्थल पर मजदूरों में बांटने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने किए सिक्के बरामद
रामनगर बाराबंकी संदेश महल
लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर निर्माण के लिए चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मलवा भराई के बीच अचानक चांदी के सिक्के निकल आए। मजदूरों ने सिक्के जेब में भर लिए और आपस में बांटने लगे। इसी दौरान विवाद खड़ा हो गया और मामला पुलिस तक जा पहुंचा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने मजदूरों की जेब से 75 चांदी के सिक्के बरामद किए, जो महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम के काल के बताए जा रहे हैं।
घटना उस समय हुई जब सेठ जय नारायण गुप्ता, हरी नारायण गुप्ता व काशी नारायण गुप्ता के मकान के मलबे को हटाया जा रहा था। मकान का बैनामा कर चुके भू-स्वामी हरी नारायण गुप्ता ने बताया कि सिक्के तो बरामद हुए हैं, लेकिन वह मटका अभी तक नहीं मिला जिसमें सिक्के रखे गए थे।
इस खबर के फैलते ही पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोगों का कहना है कि अगर मटका मिल जाए तो और भी पुरानी धरोहरें निकल सकती हैं।
सूचना पाकर मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे, चौकी प्रभारी अभिनंदन पांडे समेत राजस्व विभाग और पुलिस के कर्मचारी पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने बरामद सिक्कों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।