फर्जी वेबसाइट बनाकर छात्रों को गुमराह करने की साजिश, यूपी बोर्ड ने जारी की चेतावनी

प्रयागराज संदेश महल समाचार
यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट की नकल कर दो फर्जी वेबसाइटें चलाए जाने का मामला सामने आया है। इन फर्जी वेबसाइटों के ज़रिए न सिर्फ छात्रों और अभिभावकों को गुमराह किया जा रहा है, बल्कि उनसे ऑनलाइन भुगतान की भी मांग की जा रही है। बोर्ड ने इसे गंभीरता से लेते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

फर्जी वेबसाइटों के नाम www.upmsp-edu.in और www.upmsonline.in बताए गए हैं। इन पर बोर्ड से जुड़ी सूचनाएं, लिंक और सेवाएं दिखाकर भ्रम फैलाया जा रहा है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती प्रसाद सिंह ने साफ कहा है कि इन वेबसाइटों का माध्यमिक शिक्षा परिषद से कोई लेना-देना नहीं है।
बोर्ड के उपसचिव सुनील सिंह ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधनों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर ही जाएं और वहीं से जानकारी प्राप्त करें।

 सुनील सिंह, उपसचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने कहा —
“फर्जी वेबसाइटों पर दी गई जानकारी और लिंक पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। इनसे बचें और कोई भी भुगतान केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही करें।”

बोर्ड ने लोगों से आग्रह किया है कि अगर उन्हें किसी संदिग्ध वेबसाइट या सूचना के बारे में जानकारी मिले, तो तुरंत इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को करें।