अवैध संबंध के विवाद में पत्नी ने पति पर फेंका एसिड, हालत गंभीर

अवधेश कुमार गुप्ता पीलीभीत संदेश महल समाचार शहर कोतवाली क्षेत्र के खैरुल्लाह शाह मोहल्ले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंधों के विवाद में एक पत्नी ने अपने पति पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में पति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित हेमंत का विवाह वर्ष 2020 में लखीमपुर की शिल्पी से हुआ था। हेमंत का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उसे पत्नी के किसी अन्य युवक से कथित संबंधों की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित के अनुसार, उसने इस मामले की शिकायत ससुराल पक्ष से की, लेकिन वर्ष 2021 में उस पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। विवाद बढ़ने पर हेमंत ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी।
बताया जा रहा है कि फरवरी 2026 में तलाक का नोटिस मिलने के बाद शिल्पी पीलीभीत पहुंची और हेमंत के घर के बाहर हंगामा किया। आरोप है कि उसने स्कूटी को क्षतिग्रस्त किया और जबरन घर में घुस गई। इसी दौरान हुए विवाद में उसने हेमंत पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं, आरोपी महिला भी आंशिक रूप से घायल हुई है।
घटना के बाद घायल हेमंत को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस मामले में हेमंत ने पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही जान का खतरा बताते हुए शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।