मुठभेड़ में व्यापारी हत्याकांड का मुख्य शूटर गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

अवधेश कुमार गुप्ता पीलीभीत संदेश महल समाचार

बिलसंडा कस्बे में चर्चित कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान मुख्य शूटर सुमित सागर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार शाहजहांपुर के खिरनीबाग निवासी सुमित सागर दियोरिया कला क्षेत्र से लौट रहा था। भीकमपुर-कनपरा मार्ग पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस को इस मामले में लगातार सफलता मिल रही है। इससे पहले भी पुलिस मुठभेड़ में तीन अन्य शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक अब तक चार शूटरों समेत कई आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि गुरुवार को बिलसंडा कस्बे में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद जिले में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में सात नामजद और आठ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं नामजद आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।