संतकबीरनगर संदेश महल समाचार
कोतवाली खलीलाबाद परिसर में नवनिर्मित श्री पिपलेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना एवं विग्रह मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा गुरुवार को वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मुख्य यजमान के रूप में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर मंदिर में भगवान शिव सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा कराई।अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि से थाना परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। हवन-पूजन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति तथा पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि थाना परिसर में मंदिर की स्थापना से पुलिसकर्मियों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिस जवानों के लिए यह मंदिर आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा।धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति के बाद उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे, महुली थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।