हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार
मैनपुरी जनपद के औछा थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुरालजनों ने नवविवाहित और गर्भवती महिला की फांसी लगाकर हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंगपुर निवासी 22 वर्षीय रजनी की शादी करीब सात माह पूर्व औछा क्षेत्र के मड़ैया ग्राम निवासी सचिन से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर रजनी को प्रताड़ित करने लगा था।
परिजनों के अनुसार, रजनी चार माह की गर्भवती थी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालजनों ने पहले उसे फांसी लगाकर मार डाला और बाद में पेट्रोल, डीजल व खरपतवार डालकर शव को आग के हवाले कर दिया। जब तक आसपास के लोगों को भनक लगी, तब तक रजनी का शव पूरी तरह जल चुका था।
घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। मृतका की मां सुनीता ने पुलिस को तहरीर देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
औछा थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले में जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना से क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रजनी के साथ हुई यह निर्ममता समाज के लिए कलंक है।