प्रयागराज, उत्तर प्रदेश संदेश महल
उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय निषाद ने मछुआ समुदाय के उत्थान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मत्स्य पालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बुधवार को प्रयागराज में दूरदर्शन समाचार से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने निषाद समाज को पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं दिए, जबकि वर्तमान सरकार मछुआरों के कल्याण के लिए कई योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मछुआरों को सब्सिडी, फिशर क्रेडिट कार्ड और बिना गारंटी बैंक ऋण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही नदियों में मछली बीज संचय को बढ़ावा दिया जा रहा है और मत्स्य विभाग के बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
मंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी महिलाओं को अपेक्षित सम्मान नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सशक्त बना रही है।
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने निषाद राज को गले लगाया था और आज मोदी-योगी सरकार उसी भावना के साथ निषाद समाज को सम्मान दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।