संतकबीरनगर में हत्या का खुलासा, 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार

संतकबीरनगर संदेश महल समाचार

बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर युवक की गला रेतकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल के पर्यवेक्षण में बखिरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर नासिर को ग्राम कुशम्हामाफी स्थित बाग से तथा निरहू उर्फ साकिर अली एवं जैगम उर्फ अजमल हुसैन को ग्राम बढया के महुआ बाग के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 19 जून को ग्राम कोलकी चमरसन निवासी इन्द्रेश ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके 30 वर्षीय पुत्र आनंद की बभनी चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था। पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) की भी बढ़ोतरी की गई है।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम

थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल रमेश मिश्रा, कांस्टेबल संजीव यादव, रिजर्व कांस्टेबल रूपान्जय सिंह तथा महिला कांस्टेबल प्रियंका सिंह की भूमिका गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण रही।