सीतापुर संदेश महल समाचार
सकरन थाना क्षेत्र में कथित प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद 19 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती ने आरोप लगाया था कि विवाद के दौरान युवक ने उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार, 17 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। सीतलपुरवा गांव निवासी ज्योति लखनऊ में काम करती थी और सोमवार को बस से अपने गांव लौट रही थी। इसी बस में गांव का 21 वर्षीय युवक अनूप भी लखनऊ से आया था। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच बातचीत होती थी।
बताया गया कि महाराजनगर स्थित नहर पुल के पास बस से उतरने के बाद दोनों करीब एक किलोमीटर दूर नहर किनारे चले गए। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। युवती ने आरोप लगाया कि कहासुनी के दौरान युवक ने उसके साथ मारपीट की और उसे कथित रूप से जहरीला पदार्थ पिला दिया।
हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया, जहां मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, युवती को छोड़कर कुछ दूर जाने के बाद अनूप ने भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। मामले की जांच जारी है।