सीतापुर संदेश महल
सीतापुर में सरकारी राशन योजना के तहत एक बड़ा घोटाला सामने आया है। जिले के ऐसे 9,122 लोग जो सऊदी अरब, इजराइल सहित कई देशों में नौकरी कर रहे हैं, उनके नाम पर पात्र गृहस्थी योजना के तहत राशन कार्ड जारी था। इन लाभार्थियों के नाम से लगातार मुफ्त राशन उठाया जा रहा था।
जिला पूर्ति विभाग की जांच में यह खुलासा होने के बाद तुरंत राशन वितरण पर रोक लगा दी गई है। विभाग ने विदेश यात्रा की अवधि, वीजा का प्रकार और आय का सत्यापन करने के लिए भी कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पात्र गृहस्थी योजना का हुआ दुरुपयोग
सरकारी योजना का उद्देश्य उन्हीं परिवारों को राशन उपलब्ध कराना है जिनकी वार्षिक आय ₹2 लाख से कम हो। लेकिन विदेश में उच्च आय करने वाले लाभार्थी इस सीमा को पार कर राशन का गलत लाभ उठा रहे थे। विभाग ने कहा है कि लाभार्थी और उनके परिवारजन विदेश जाने और आय के संबंध में पूरी जानकारी नहीं दे रहे हैं।
किया जा रहा है ई-केवायसी का इस्तेमाल
जिला पूर्ति विभाग पिछले वर्ष से ई-केवायसी प्रक्रिया के तहत लाभार्थियों की जांच कर रहा है। इसके बावजूद पौने पांच हजार से अधिक लाभार्थी अब तक केवायसी नहीं करा सके हैं। विभाग ने ऐसे सभी लाभार्थियों को नोटिस जारी किए हैं जिसमें विदेश गमन की तारीख, वीजा की जानकारी और आय का प्रमाण मांगा गया है।विभाग का कहना जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया,यह गंभीर मामला है। विदेश में नौकरी करने वालों को पात्र गृहस्थी योजना का लाभ नहीं मिलना चाहिए। हम पूरी सख्ती से जांच कर रहे हैं और जो भी लोग योजना का गलत फायदा उठाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्न उठते हैं
इस खुलासे के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि इतने बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा कैसे हो गया और क्या इससे सच में गरीबों को राशन मिलने में बाधा तो नहीं आई? विभाग की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।