सीतापुर संदेश महल
विधानसभा सेवता क्षेत्र के अंतर्गत रेउसा चौराहा स्थित बाजार पुरवा मोड़ के पास शनिवार को “संविधान बचाओ संवाद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सांसद राकेश राठौर ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद राकेश राठौर ने कहा कि गांजर को तानाशाहों की जागीर नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने जातीय विद्वेष की राजनीति करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता ऐसे लोगों को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपने संबोधन में कहा कि आज योगी सरकार का बुलडोजर साधु-संतों और सन्यासियों तक पर चल रहा है, जिसे लेकर देश की आध्यात्मिक शक्तियों को सबक लेने की आवश्यकता है।

मुख्य अतिथि प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि राहुल गांधी के मिशन को सीतापुर ने आगे बढ़ाने का कार्य किया है और यह मिशन अब पूरे प्रदेश में शुरू हो चुका है। वहीं सांसद इमरान मसूद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के बिना किसी भी सरकार का बनना संभव नहीं है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बृजबिहारी ने किया। सभा को अनुप्रिया वर्मा, सुनीता चौधरी एवं शिव प्रकाश सिंह ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर खैराबाद के छह सभासदों सहित गांजर के युवा नेता राहुल सिंह, भगवंत सिंह तथा बड़ी संख्या में प्रधान, पूर्व प्रधान और बीडीसी सदस्य कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा को लेकर जन-जागरूकता फैलाना रहा। वक्ताओं ने एक स्वर में संविधान को सर्वोच्च बताते हुए इसके संरक्षण के लिए जनता से एकजुट रहने का आह्वान किया।
संवाद कार्यक्रम में जनपद सीतापुर एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 8 से 10 हजार लोगों की उपस्थिति रही। भारी जनसमूह की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में सांसद राकेश राठौर ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान की रक्षा के लिए ऐसे संवाद कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।