मैनपुरी (दीपू सिंह): संदेश महल समाचार
जिले के जगरूपपुर क्षेत्र में कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत और एक घायल होने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी भूदेव पुत्र बीरबल और उसके पुत्र अवनीश हैं।
पुलिस ने इस हत्या मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से तीन आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल 32 बोर, लाइसेंसी रिपीटर बंदूक, दो जिंदा कारतूस 32 बोर और दो जिंदा कारतूस रिपीटर 12 बोर बरामद किए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से खोखा कारतूस 12 बोर भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ था। इसी दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बची हुई आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।