नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप

सीतापुर संदेश महल
कोतवाली मिश्रिख क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब सिधौली रोड स्थित महर्षि दधीचि इंटर कॉलेज के पास बने नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने नाले में शव देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई।

सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद फॉरेन्सिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत्यु को कई दिन बीत चुके हैं। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों को सूचना भेजी गई है ताकि मृतक की शिनाख्त कराई जा सके।

पुलिस के अनुसार, शव से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की तहरीरों की पड़ताल की जा रही है।