धनघटा पुलिस ने आत्महत्या की कोशिश कर रहे युवक की बचाई जान

संतकबीरनगर संदेश महल
थाना धनघटा क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और तत्परता ने एक युवक की जान बचा ली, जो इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट साझा कर चुका था। मेटा कंपनी द्वारा अलर्ट भेजे जाने के बाद पुलिस मुख्यालय लखनऊ और सोशल मीडिया सेल संतकबीरनगर के समन्वय से युवक की पहचान और लोकेशन का पता चल पाया।
जानकारी मिलते ही थाना धनघटा की पुलिस टीम सक्रिय हो गई और समय रहते मौके पर पहुंचकर युवक को आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। युवक की काउंसलिंग की गई और उसे उसके परिजनों को सुपुर्द कर आवश्यक हिदायतें दी गईं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी धनघटा प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह सफल ऑपरेशन संपन्न हुआ।
थाना प्रभारी जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में चौकी प्रभारी पौली उपनिरीक्षक नन्दु, हेड कांस्टेबल सोनू पटेल तथा कांस्टेबल सलमान अंसारी की टीम ने युवक के घर पहुंचकर उसे सुरक्षित बचाया।
युवक से काउंसलिंग के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि वह दोबारा ऐसी कोई कोशिश न करे। परिजनों ने उत्तर प्रदेश पुलिस की इस मानवीय और तत्पर कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त करते हुए सराहना की।