लोधेश्वर धाम तक निकाली गई राष्ट्रीय एकता पदयात्रा बच्चों के लिए नहीं हुई कोई व्यवस्था

रामनगर बाराबंकी संदेश महल
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर स्कूली बच्चों द्वारा राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में पीजी कॉलेज रामनगर, यूनियन इंटर कॉलेज रामनगर और भगवान देई पाटन शाह बालिका इंटर कॉलेज के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बच्चों की यह पदयात्रा रामनगर से श्री लोधेश्वर महादेव धाम तक निकाली गई। यूनियन इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स और स्काउट्स ने भी रैली में शामिल होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। भगवान देई पाटन शाह बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं को वरिष्ठ अध्यापक घनश्याम शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पदयात्रा का नेतृत्व निशा बाजपेई ने किया। उनके साथ शिक्षक प्रियंका निस्ता गुप्ता, सौरभ चंदन, रामकुमार मौर्य, प्रेम कुमार आदि भी पूरी यात्रा में शामिल रहे।
लंबी दूरी तय करने के बाद पदयात्रा का समापन संस्कृत पंडाल में किया गया। हालांकि पंडाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था देखने को मिली। राजनीतिक भाषण तो होते रहे, मगर पदयात्रा में शामिल बच्चों के लिए जलपान या आराम की कोई व्यवस्था नहीं की गई।थकान से परेशान बच्चे प्यासे रहते दिखे, जिससे अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराज़गी भी देखने को मिली।