सीतापुर संदेश महल समाचार
जनपद के हरगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक प्रेमी युगल ने दहेज विवाद के चलते झरेखापुर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। विवाह दोनों परिवारों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार हरगांव थाना क्षेत्र के बंशीपुरवा निवासी गोबर्धन के पुत्र गुलशन का विवाह इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फर्रकपुर निवासी राजेश कुमार की पुत्री रचना के साथ तय था। आरोप है कि विवाह से पूर्व लड़के पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी, जिसे पूरा करने में लड़की पक्ष असमर्थ था।दहेज को लेकर बढ़े विवाद के बीच गुलशन और रचना ने आपसी सहमति से विवाह करने का निर्णय लिया। इसके बाद दोनों परिवारों की उपस्थिति में झरेखापुर स्थित शिव मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया। मंदिर के आचार्य ने विधि-विधान के साथ दोनों का विवाह कराया।विवाह के बाद दोनों परिवारों ने नवदंपति को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कौशलेन्द्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्र सहित दोनों पक्षों के परिजन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।