रमेश चंद्र बाराबंकी बाराबंकी संदेश महल
फतेहपुर कस्बे में शुक्रवार शाम एक सर्विस सेंटर पर सर्विसिंग के दौरान कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर राख हो गया। आग की चपेट में पास खड़ी एक अन्य कार भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।रामनगर रोड स्थित सुरेश कोल्ड स्टोरेज के सामने फतेहपुर सर्विस सेंटर पर कस्बा निवासी जयप्रकाश मिहिर अपनी 2012 मॉडल ईऑन कार की सर्विसिंग करा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सर्विसिंग के दौरान कार से पहले धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षण में उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
घटना स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और सर्विस सेंटर के कर्मचारियों ने पानी, मिट्टी और अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
कार मालिक के बेटे अनादि मिहिर ने बताया कि कार को घटना से करीब 20 मिनट पहले ही सर्विस सेंटर पर छोड़ा गया था। एक दिन पहले पेट्रोल भरवाने के बाद कार झटके लेकर चल रही थी, इसलिए जांच के लिए सर्विस सेंटर लाई गई थी। उन्होंने बताया कि वाहन का बीमा 15 दिन पहले समाप्त हो चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या फ्यूल टैंक से पेट्रोल निकालते समय आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पेट्रोल में एथेनॉल की अधिक मात्रा की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फतेहपुर फायर स्टेशन प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल टीम रवाना होने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान दोबारा सूचना मिली कि स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है, इसलिए दमकल वाहन नहीं भेजा गया। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत मिलती है तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।