
घनश्याम त्रिपाठी
संतकबीरनगर संदेश महल समाचार
विकासखंड हैंसर बाजार मुख्यालय स्थित मीटिंग हॉल में क्षेत्र पंचायत की कार्यकाल की अंतिम बैठक शांतिपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। ब्लॉक प्रमुख श्रीमती कालिंदी चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 9.63 करोड़ रुपये के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके साथ ही बीवीजी राम जी मद के अंतर्गत 17.21 करोड़ रुपये के बजट को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दूसरे सत्र में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती कालिंदी चौहान ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों (BDC), ग्राम प्रधानों, महिला प्रतिनिधियों तथा पत्रकारों को फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान कई जनप्रतिनिधि भावुक दिखाई दिए।
अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि यह बैठक केवल औपचारिक कार्यवाही नहीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों के सामूहिक प्रयास, विकास यात्रा और आपसी सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीण जनता तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रही, जिसमें सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का सहयोग मिला।
खंड विकास अधिकारी उमेश प्रसाद ओझा ने विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्वीकृत बजट से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता फतेह बहादुर सिंह ‘जोखई सिंह’, संजय बहादुर सिंह राठौर, सर्वेश पांडेय, शिवेंद्र पाठक, लोहरैया मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश राय, विजय चौहान, सच्चिदानंद निगम, ग्राम प्रधान हरिराम यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, महिला प्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।