
जेपी रावत
सीतापुर संदेश महल
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से मंगलवार को हैरान करने वाली घटना सामने आई। प्राथमिक विद्यालय नदवा, विकास क्षेत्र महमूदाबाद के हेडमास्टर बृजेंद्र कुमार वर्मा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अखिलेश प्रताप सिंह पर उनके ही दफ्तर में बेल्ट से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बीएसए ने हेडमास्टर की लापरवाही को लेकर उन्हें फटकार लगाई थी। इसी बात से आक्रोशित होकर शिक्षक ने पहले गाली-गलौज की और फिर कमर से लोहे के कुंदे वाली बेल्ट निकालकर बीएसए पर टूट पड़ा। इस दौरान बीएसए को चोटें आईं।
घटना बीएसए कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वहीं, कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया और कमरे में बंद कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना से शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में रोष है। कर्मचारियों ने बीएसए कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की है।