अंडरपास की ढलान पर ट्रक ने मारी टक्कर, ट्रैक्टर सवार तीन युवकों की मौत

लखनऊ संदेश महल
नगर के बहुगुणा चौराहा अंडरपास की ढलान पर मंगलवार दोपहर भीषण हादसा हो गया। ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन युवक सड़क पर गिर गए, जिन्हें ट्रक ने कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
मृतकों की पहचान रामकोट के खैरेपारा निवासी रामगोपाल, बंदीपुर के राम सहाय और नारायण नगर निवासी (मूल निवासी भौता, हरदोई) सुधारकर मिश्र के रूप में हुई है। तीनों खैराबाद के मालगोदाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे।
जैसे ही वाहन बहुगुणा अंडरपास की ढलान पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के चलते ट्रैक्टर और ट्रॉली अलग हो गए। ट्रैक्टर पर बैठे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आ गए। वहीं, ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और ट्रैक्टर बिना चालक के करीब तीन सौ मीटर तक चलता हुआ आगे जाकर रुक गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल अनूप शुक्ल ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक को थाने लाया गया है। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।