TET मुद्दे पर शिक्षकों की हुंकार, 10 सितंबर को सौंपा जाएगा ज्ञापन

फतेहपुर (बाराबंकी) संदेश महल
शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही पीड़ा अब निर्णायक मोड़ पर है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई फतेहपुर की एक अहम बैठक सोमवार को बीआरसी परिसर में आयोजित हुई, जिसमें शिक्षक समुदाय की आवाज बुलंद हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश सिंह ने की।

बैठक में TET प्रकरण को लेकर गहरी चिंता जताई गई और निर्णय लिया गया कि आगामी 10 सितंबर को बाराबंकी जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बेसिक शिक्षा मंत्री को एक सशक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह ज्ञापन शिक्षकों की व्यथा, मांग और भविष्य की दिशा को स्पष्ट रूप से उजागर करेगा।संघ के पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा, “अब चुप बैठने का समय नहीं है। हमारी आवाज अगर अब भी न उठी, तो आने वाली पीढ़ियाँ हमें माफ नहीं करेंगी।” शिक्षकों से अपील की गई कि वे 10 सितंबर को भारी संख्या में पहुँचें और इस मुहिम को जनआंदोलन का रूप दें।
इसी क्रम में शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर ब्लॉक फतेहपुर के वरिष्ठ शिक्षक श्री राम मिलन (सहायक अध्यापक, कंपोजिट विद्यालय रसूलपनाह) को जिले स्तर पर सम्मानित किए जाने की खबर भी बैठक में उत्साह का विषय बनी। संघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने उन्हें फूल मालाओं से सम्मानित कर गौरव का अनुभव किया।
बैठक में ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सर्वसम्मति से श्री भानु मिहिर (सहायक अध्यापक, प्रा. वि. गुरसेल) को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष, मंत्री, वरिष्ठ सदस्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण मौजूद रहे। सबकी आँखों में एक ही संकल्प था—सम्मान की रक्षा और अधिकार की प्राप्ति।