मुंबई संदेश महल
अमेजन MGM स्टूडियोज़ इंडिया और निर्देशक अनुराग कश्यप की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘निशानची’ का ट्रेलर सोमवार को जारी कर दिया गया। यह फिल्म 19 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ की जाएगी।

फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को उत्तर प्रदेश के एक छोटे से शहर की हलचल भरी गलियों में ले जाता है, जहाँ तीन मुख्य किरदार — बबलू निशानची, रंगीली रिंकू और डबलू — की ज़िंदगियाँ अप्रत्याशित रूप से टकराती हैं। ट्रेलर में एक्शन से भरपूर पीछा, दमदार संवाद, और रोमांचक टकराव के साथ-साथ प्यार और जज़्बात के नाज़ुक पल भी देखने को मिलते हैं।
‘निशानची’ एक हाई-ऑक्टेन मिक्स है जिसमें रोमांच, हास्य और देसीपन का तड़का देखने को मिलेगा। फिल्म विद्रोह, रोमांस और प्रतिद्वंद्विता जैसे तत्वों को संतुलित ढंग से पेश करती है।
इस फिल्म को अजय राय और रंजन सिंह के प्रोडक्शन हाउस जार पिक्चर्स के बैनर तले, फ्लिप फिल्म्स के सहयोग से निर्मित किया गया है। फिल्म की कथा, पटकथा और संवाद प्रसून मिश्रा, रंजन चंदेल और अनुराग कश्यप ने मिलकर लिखे हैं।
फिल्म से अभिनेता ऐश्वर्य ठाकरे डेब्यू कर रहे हैं और वे इसमें डबल रोल निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी दो जुड़वा भाइयों बबलू और डबलू की ज़िंदगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देखने में एक जैसे हैं लेकिन विचारों और जीवन मूल्यों में एक-दूसरे से बिल्कुल भिन्न हैं।
इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में ऐश्वर्य ठाकरे के अलावा वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, मोहम्मद जीशान अय्यूब और कुमुद मिश्रा जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नज़र आएंगे।