भटाना सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
कस्बे के विकास और युवाओं की शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। हनुमान चौक स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय में प्रवासियों और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयास से सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
ग्राम प्रशासक एवं सरपंच भवानी सिंह देवड़ा के विशेष आग्रह पर गाँव के प्रवासी भामाशाहों ने पुस्तकालय का दौरा किया। इस दौरान जीवाराम चौधरी, परेश भाई जैन, विपुल जैन, जयेश जैन, नरपत सिंह राठौड़, सवा भाई चौधरी, रमेश कुमार पुरोहित और विक्रांत पुरोहित ने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और वहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
भीषण गर्मी को देखते हुए सरपंच के अनुरोध पर भामाशाह जीवाराम चौधरी ने तत्काल पुस्तकालय में 2 टन का एयर कंडीशनर (AC) भेंट करने की घोषणा की। करीब 60 हजार रुपये की लागत से लगाए जाने वाले इस AC से अब विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए ठंडा और अनुकूल वातावरण मिल सकेगा।
स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भामाशाहों और प्रशासन का आभार जताया। यह कदम न केवल शिक्षा को बढ़ावा देगा, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक सहयोग की मिसाल भी बनेगा।