तार में करंट लगने से महिला की मौत, खेत मालिक पर गंभीर आरोप

अवधेश कुमार पीलीभीत संदेश महल समाचार 

थाना क्षेत्र के खजुरिया नवीराम गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में खेत में लगे तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान गांव निवासी बेचेलाल की पत्नी अनीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अनीता देवी सुबह शौच के लिए गांव के पूर्व प्रधान शिव प्रसाद के मक्का के खेत में गई थीं। आरोप है कि खेत के चारों ओर फसल को पशुओं से बचाने के लिए तार लगाए गए थे, जिनमें बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति बेचेलाल ने आरोप लगाया कि खेत मालिक शिव प्रसाद ने जानबूझकर तारों में करंट छोड़ा था, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं, खेत मालिक एवं पूर्व प्रधान शिव प्रसाद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने केवल हल्का डीसी करंट लगाया था, जिससे किसी की जान नहीं जा सकती।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।