बाराबंकी में मधुमक्खियों के हमले से बचने की कोशिश में बुजुर्ग की जलकर मौत

बाराबंकी संदेश महल
लोनीकटरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई। सड़क पर जा रहे बुजुर्ग पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में उन्होंने सड़क किनारे उगे खर-पतवार में आग लगा दी, लेकिन लगातार डंक लगने से वह बेहोश होकर उसी आग में गिर पड़े।
घटना लोनीकटरा थाना क्षेत्र की रौनी पंचायत अंतर्गत गोतवन पुरवा गांव की है। मृतक की पहचान रामऔतार केवट (65) के रूप में हुई है। बताया गया कि रामऔतार मंगलवार को किसी काम से बाहर गए थे और शाम को गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह रौनी गांव के पास पहुंचे, मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मधुमक्खियों से बचने के लिए उन्होंने आग का सहारा लिया, लेकिन हमला नहीं रुका। लगातार डंक लगने से उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जलते खर-पतवार में गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
देर शाम तक जब रामऔतार घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत और सड़क किनारे उनका जला हुआ शव मिला। सूचना मिलने पर लोनीकटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।