रेवदर दौरे पर पहुंचे जोधपुर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह, पुलिसकर्मियों से किया संवाद

सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार

सिरोही जिले के रेवदर दौरे पर पहुंचे जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सत्येंद्र सिंह का रेवदर थाना परिसर में पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। इस दौरान आईजी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर उनकी कार्यप्रणाली, ड्यूटी व्यवस्था और विभिन्न प्रशासनिक विषयों की जानकारी ली।
आईजी सत्येंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ भोजन कर आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अधिकारियों और जवानों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और आपसी दूरी को कम करना अत्यंत आवश्यक है। इससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और जनसेवा की गुणवत्ता में वृद्धि होती है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह, रेवदर थाना प्रभारी सीताराम पंवार, अनादरा थाना प्रभारी कमलेश गहलोत, मंडार थाना प्रभारी प्रवीण आचार्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।