बाराबंकी संदेश महल समाचार
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गापुर नौबस्ता ग्राम पंचायत के पथरापुर (बगिया) गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। खेत में सिंचाई के दौरान झटका मशीन के तार से उतरे करंट की चपेट में आकर महिला बुरी तरह झुलस गईं।
मृतका की पहचान सुशीला देवी (55 वर्ष) पत्नी गया प्रसाद के रूप में हुई है, जो अपने खेत में सिंचाई कर रही थीं। उसी दौरान पास के खेत में लगे झटका तार के संपर्क में आने से उन्हें करंट लगा और वे अचेत हो गईं।
परिजन उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से सूरतगंज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में मातम छा गया है।
परिजनों ने पड़ोसी रामप्रसाद पर आरोप लगाया है कि उन्होंने खेत में अवैध रूप से झटका मशीन का करंट वाला तार लगाया था, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं रामप्रसाद ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने केवल सामान्य तार लगाया था, जिसमें संभवतः ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आने से करंट उतर आया।
घटना की सूचना पर PRV 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सूरतगंज चौकी प्रभारी उमेश कुमार वर्मा को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्र ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।