मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार किए, हाईस्पीड इंजन व ट्रॉली बरामद

सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत बाराबंकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का एक हाईस्पीड इंजन और ट्रॉली बरामद की है।मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस टीम ने मंगलवार को आल्हेमऊ जंगल के पास से सौरभ उर्फ कृष्णा, अनुज कुमार, कुलदीप उर्फ धनपाल और रोहित उर्फ छोटू विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ग्राम शेखूपुर, जनपद बाराबंकी के निवासी बताए गए हैं।पुलिस पूछताछ और अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी किया गया हाईस्पीड इंजन व ट्रॉली बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 3 जनवरी 2026 को ग्राम शेखूपुर से एक हाईस्पीड इंजन चोरी किया था। इसके अलावा 6/7 जनवरी 2026 की रात ग्राम दादनपुर स्थित खेत से भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। दोनों ही घटनाओं के संबंध में मोहम्मदपुर खाला थाने में पूर्व से मुकदमे दर्ज थे।जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो ग्रामीण इलाकों में खेतों और सिंचाई से जुड़े संसाधनों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर, उपनिरीक्षक अरवेश वर्मा, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, मोहित कुमार, गोपाल सिंह, अनुराग श्रीवास्तव एवं आशीष कुमार प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी अशोक रावत पुत्र रामप्रकाश रावत, निवासी शेखूपुर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।