रेवदर पंचायत समिति में ग्राम सेवा शिविर की शुरुआत, दौलपुरा पंचायत से हुआ शुभारंभ

रेवदर (सिरोही)। राजस्थान संदेश महल

राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने तथा विभिन्न जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रेवदर पंचायत समिति क्षेत्र में ग्राम सेवा शिविरों की शुरुआत सोमवार को ग्राम पंचायत दौलपुरा से की गई।
शिविर में ग्राम पंचायत दौलपुरा की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों का साफा एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपखंड अधिकारी राजन कुमार लोहिया की अध्यक्षता तथा रेवदर के भूतपूर्व विधायक जगशीराम कोली की उपस्थिति में संपन्न हुआ।


शिविर में रेवदर पंचायत समिति की प्रधान राधिका देवासी एवं विकास अधिकारी सावलाराम चौधरी ने विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की। वहीं तहसीलदार मंजू देवासी ने भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया।
शिविर के दौरान उपखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का निस्तारण उनके गांव एवं पंचायत स्तर पर ही हो सके।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।यह जानकारी दौलपुरा के विकास अधिकारी अम्बाराम देवासी ने दी