सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
ज्येष्ठ मास के पावन बड़े मंगल के अवसर पर सूरतगंज-हेतमापुर मार्ग स्थित आनिया अस्पताल एंड ट्रामा सेंटर का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। बजाज एजेंसी के निकट नवनिर्मित 30 बेड वाले सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का शुभारंभ मुख्य अतिथि फरीद महफूज किदवई ने फीता काटकर किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस विशेष अवसर पर बड़े मंगल के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसकी शुरुआत सुबह 11 बजे से हुई और देर शाम तक श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
समारोह में पहुंचे अतिथियों का अस्पताल निदेशक डॉ. सत्यवान वर्मा एवं आनिया चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एस. फारूकी द्वारा अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में फैजान किदवई, शेखर हयारण, डॉ. दिलीप यादव, हाफिज अयाज अहमद, विधायक प्रतिनिधि लल्लन वर्मा, सपा नेता प्रीतम वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील वर्मा, मंडल महामंत्री राजीव शुक्ला (राजू) सहित अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस स्वास्थ्य केंद्र का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर ट्रॉमा केयर, आपातकालीन सेवाएं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे ग्रामीण और आसपास के इलाकों के लोगों को समय पर इलाज मिल सके।