रणजीत सिंह बहराइच संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश के बहराइच में शनिवार को आयोजित महिला जनाक्रोश रैली के दौरान एक हादसा हो गया। पुतला दहन के दौरान भाजपा की सदर विधायक अनुपमा जायसवाल आग की चपेट में आकर झुलस गईं। उन्हें तत्काल शहर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर पुतला दहन किया जा रहा था। जैसे ही पुतले में आग लगाई गई, अचानक लपटें तेज हो गईं और पास खड़ी विधायक आग की चपेट में आ गईं।
घटना में विधायक के चेहरे और बाल झुलस गए हैं। मौके पर मौजूद पुलिस और पार्टी कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे और उनका हाल जाना।
फिलहाल डॉक्टरों की टीम विधायक का उपचार कर रही है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।