ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की मौत चालक फरार

पिसावां संदेश महल
पिसावां थाना क्षेत्र के कुतुबनगर कस्बे में एक दर्दनाक हादसे में नौ वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और हैरो को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, कुतुबनगर निवासी आयुष (9) अपने 11 वर्षीय दोस्त निर्मल के साथ गांव के बाहर टहलने गया था। इसी दौरान गांव के ही हनीफ उर्फ मंडली अपने बेटे जान मोहम्मद उर्फ जानू के साथ ट्रैक्टर और हैरो लेकर जमुद्दी तालाब की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि ट्रैक्टर जान मोहम्मद चला रहा था।

तालाब की ओर ट्रैक्टर मोड़ते समय आयुष अचानक हैरो की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद चालक जान मोहम्मद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और हैरो जब्त कर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।