पीलीभीत। जनपद में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त होने जा रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि निर्धारित समय से पहले सभी विकास कार्यों को पूरा कर लिया जाए, अन्यथा भुगतान अटक सकता है।
जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रोहित भारती ने स्पष्ट कहा है कि ग्राम पंचायतों के खातों में उपलब्ध धनराशि के अनुसार सभी लंबित कार्य समय रहते पूर्ण किए जाएं। इसके साथ ही पंचायत सहायकों, केयरटेकर और अन्य कर्मचारियों का भुगतान भी हर हाल में 26 मई से पहले कर दिया जाए।
प्रशासन का मुख्य फोकस इस बात पर है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार का बकाया न रह जाए, जिससे विवाद या प्रशासनिक दिक्कतें उत्पन्न न हों।
इस संबंध में सभी एडीओ पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी योजना अधूरी न रहे।