मैनपुरी में गांधी-शास्त्री जयंती पर गोष्ठी

दीपू सिंह
मैनपुरी संदेश महल समाचार
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कलैक्ट्रेट परिसर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण किया। पुष्प अर्पित करने के उपरांत आयोजित गोष्ठी में उन्होंने कहा कि आज तकनीक के माध्यम से ज्ञान तक पहुँचना आसान हुआ है, लेकिन थोड़ी-सी जानकारी लेकर निर्णायक की भूमिका निभाना खतरनाक प्रवृत्ति है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों के जीवन और विचारों को समझे बिना उन पर टिप्पणी करना अनुचित है। गांधी जी ने सत्य-अहिंसा और सत्याग्रह के बल पर अंग्रेजों के साम्राज्य को हिलाकर रख दिया। दांडी यात्रा और नमक सत्याग्रह जैसे आंदोलनों की मिसाल पूरी दुनिया में नहीं मिलती। जिलाधिकारी ने अल्बर्ट आइंस्टीन का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि इतना महान वैज्ञानिक भी गांधी जी को मानवता का अद्वितीय उदाहरण मानता है, तो हमें उनके प्रति सम्मान की दृष्टि रखनी चाहिए।

लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए श्री सिंह ने कहा कि उन्होंने “जय जवान-जय किसान” का नारा देकर देश को रक्षा और खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। अमेरिका से गेहूं न मिलने की धमकी के समय उन्होंने देशवासियों से उपवास का आह्वान किया, जिसे लोगों ने सहर्ष स्वीकार किया। इसी से देश में हरित क्रांति का मार्ग प्रशस्त हुआ।

जिलाधिकारी ने आह्वान किया कि महापुरुषों की जीवनी और स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास बच्चों को अवश्य बताया जाए ताकि नई पीढ़ी देश के गौरवमयी अतीत से परिचित हो सके।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञानेश्वर प्रसाद ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी की कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं था। राजस्व अधिकारी ध्रुव शुक्ला ने गांधी जी को सत्य-अहिंसा का पुजारी और शास्त्री जी को सादगी व ईमानदारी का प्रतीक बताया। डिप्टी कलेक्टर शिव नरेश ने कहा कि दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर ही हम देश को विकसित बना सकते हैं।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. श्वेता सैनी, जिला आबकारी अधिकारी हितेन्द्र कुमार शेखर, बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों ने विचार व्यक्त किए। सत्य प्रकाश द्विवेदी ने गांधी जी की प्रिय रामधुन प्रस्तुत की और कार्यक्रम का संचालन वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव, डिप्टी कलेक्टर अंजली सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सौरभ पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।