जिलाधिकारी ने की क्रॉप कटिंग, प्रति हेक्टेयर धान उत्पादन पाया गया 40 क्विंटल

दीपू सिंह
मैनपुरी संदेश महल समाचार
फसल की वास्तविक पैदावार का आकलन करने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार रैण्डम तौर पर खेतों का चयन कर क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तहसील सदर के ग्राम संसारपुर में गाटा संख्या 79, क्षेत्रफल 0.069 हे. पर कृषक अनुज कुमार के खेत में खड़ी धान की फसल की क्रॉप कटिंग अपनी देख-रेख में कराई।

निर्धारित त्रिभुजाकार प्लॉट (43.3 वर्ग मीटर) से 17.460 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इस आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन लगभग 40 क्विंटल आंका गया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित क्षेत्रीय लेखपालों एवं कानूनगों से क्रॉप कटिंग की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराए जाएं, ताकि फसलों की वास्तविक उत्पादकता का सही आंकलन संभव हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम के अन्य खेतों का भी भ्रमण किया और किसानों से संवाद कर धान उत्पादन की स्थिति, लागत व विपणन से जुड़ी जानकारी ली।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार शौर्य वर्धन राठौर, राजस्व निरीक्षक बृजेश राठौर, क्षेत्रीय लेखपाल श्याम कुमार गुप्ता, अनिल सक्सेना, कृषक अनुज कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।