ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा का बड़ा ऐलान, गर्मी में उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

लखनऊ/वाराणसी संदेश महल समाचार। भीषण गर्मी और लू के बीच उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने बिजली आपूर्ति को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को विशेष छूट देने की घोषणा की है।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि अब 1 किलोवाट तक के स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं का कनेक्शन 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा, भले ही उनका बैलेंस निगेटिव में क्यों न चला जाए।
इसके साथ ही 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को 200 रुपये तक माइनस बैलेंस पर भी बिजली मिलती रहेगी। इतना ही नहीं, यदि बैलेंस समाप्त हो जाता है, तब भी एक सप्ताह तक बिजली आपूर्ति जारी रखने का प्रावधान किया गया है।
🔹 सरकार के फैसले की मुख्य बातें
1 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं का कनेक्शन 30 दिन तक नहीं कटेगा
2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को ₹200 तक माइनस बैलेंस की सुविधा
SMS अलर्ट के बाद ही बिजली काटी जाएगी
बिना सूचना और कम से कम 5 मैसेज के कनेक्शन नहीं काटा जाएगा
समस्याएं दूर होने तक नए स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक
ऊर्जा मंत्री ने वाराणसी में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए सरकार ने सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
सरकार का कहना है कि प्रदेश में बिजली खपत लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।